Site icon Lahar Chakra

125 यूनिट फ्री बिजली, 1 करोड़ नौकरियां, 4 नए शहरों में मेट्रो… बिहार चुनाव के लिए मेनिफेस्टो में NDA ने किये कई बड़े ऐलान

Patna. राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को अपना घोषणा पत्र जारी किया, जिसमें रोजगार, औद्योगिक निवेश, कृषि सुधार, महिला सशक्तिकरण और आधारभूत संरचना के व्यापक विकास की श्रृंखला में 20 ठोस ‘संकल्पों’ की घोषणा की गई है. उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में घोषणापत्र जारी करते हुए कहा कि यह देश के लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर जारी किया गया है. उन्होंने कहा, यह दिन हमें एकता, विकास और संकल्प की भावना की याद दिलाता है। राजग बिहार को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है. चौधरी ने कहा कि राजग सरकार अगले पांच वर्षों में राज्य के एक करोड़ युवाओं को रोजगार देने का संकल्प लेती है. प्रत्येक जिले में स्थापित विशाल कौशल केंद्रों को ‘वैश्विक कौशल केंद्रों’ में परिवर्तित किया जाएगा. घोषणापत्र में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए ‘एक करोड़ लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य रखा गया है.

चौधरी ने कहा, ‘राजग बिहार की महिलाओं को करोड़पति उद्यमी बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाएगा. घोषणा पत्र के प्रमुख प्रावधानों में पिछड़े वर्गों के लिए विशेष आर्थिक सहायता का भी उल्लेख है। चौधरी ने कहा, ‘आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों (ईबीसी) को सरकार 10 लाख रुपये की सहायता देगी और उनके हितों के लिए उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश की अध्यक्षता में आयोग गठित किया जाएगा. कृषि क्षेत्र के लिए राजग ने ‘कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि’ शुरू करने की घोषणा की है, जिसे केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से लागू किया जाएगा. किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की गारंटी दी जाएगी और कृषि अवसंरचना में एक लाख करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा.

घोषणापत्र में कहा गया है कि राज्य में सात नए एक्सप्रेसवे बनाए जाएंगे और बाढ़ प्रभावित उत्तर बिहार को अगले पांच वर्षों में पूरी तरह इस समस्या से मुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है. चौधरी ने कहा कि ‘‘फ्लड टू फॉर्च्यून’’ मॉडल के तहत कृषि और मत्स्य पालन को नयी दिशा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि शहरी विकास के तहत चार और शहरों में मेट्रो रेल सेवा शुरू करने की घोषणा की गई है। राजधानी क्षेत्र में “न्यू पटना” नामक एक हरित (ग्रीनफील्ड) परियोजना विकसित की जाएगी। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सीतामढ़ी के पुनौरा धाम जानकी मंदिर को “सीतापुरम” के रूप में विकसित किया जाएगा.

घोषणा पत्र में यह भी कहा गया है कि बिहार से विदेशी उड़ानें शुरू की जाएंगी और कई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे बनाए जाएंगे. साथ ही, राज्य में 10 नए औद्योगिक पार्क स्थापित किए जाएंगे और प्रत्येक जिले में फैक्टरी एवं विनिर्माण इकाइयां शुरू की जाएंगी. राजग ने वादा किया है कि अगले पांच वर्षों में राज्य में 50 लाख करोड़ रुपए का निवेश आकर्षित किया जाएगा, जिससे “औद्योगिक क्रांति” की गारंटी सुनिश्चित होगी. शिक्षा के क्षेत्र में राजग ने “केजी से पीजी तक निशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा” का वादा किया है. अनुसूचित जाति के उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 2,000 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी. चौधरी ने कहा कि यह घोषणा पत्र ‘‘20 संकल्पों का रोडमैप’’ है.

Exit mobile version