
रायपुर. छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के मेटागुड़ा जंगल में सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को माओवादियों की एक हथियार फैक्ट्री पकड़ी और उसे ध्वस्त कर दिया. इस कार्रवाई का नेतृत्व एसपी किरण चव्हाण ने किया, जिसमें विस्फोटक, बारूद और हथियार बनाने में प्रयुक्त मशीनें बरामद की गईं.
इनमें वर्टिकल मिलिंग मशीन, बीजीएल, ग्राइंडर, गैस कटर हेड्स, डायरेक्शनल आइईडी पाइप्स, स्टील पाइप पीस, लेथ मशीन, हथियारों के पुर्जे और बड़ी मात्रा में आयरन स्क्रैप शामिल हैं. माओवादी वहां बीजीएल और अन्य हथियार बना रहे थे.
बता दें कि पिछले दो वर्षों में बस्तर में कई हथियार फैक्ट्रियां पकड़ी और ध्वस्त की जा चुकी हैं. अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई माओवादी संगठन के लिए बड़ा झटका है. लगातार बढ़ते कैंप और सघन अभियानों ने माओवादी गतिविधियों को सीमित कर दिया है.
