Site icon Lahar Chakra

JHARKHAND : भाजपा का सरकार पर हमला, राज्य में स्वास्थ्य मंत्री के संरक्षण में हुआ बड़ा टेंडर घोटाला

RANCHI : प्रदेश भाजपा ने झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए राज्य सरकार पर बड़ा हमला बोला है. भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने रविवार को प्रेस वार्ता कर दस्तावेजों और ठोस तथ्यों के आधार पर दावा किया कि मंत्री के संरक्षण में स्वास्थ्य विभाग में भारी टेंडर घोटाला हुआ है. टेंडर वितरण में धर्म और समुदाय के नाम पर खुला पक्षपात किया गया है.

अजय साह ने कहा कि रांची, दुमका, जामताड़ा, सरायकेला, बोकारो और देवघर समेत कई जिलों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा पिछले एक साल में जारी किए गए 11 टेंडर एक ही परिवार की कंपनियों को दिए गए. उन्होंने बताया कि यह परिवार रांची का है और उसकी तीन कंपनियां हिन्द इंफ्राटेक, भारत सप्लायर्स और ग्लोबल सप्लायर्स एक ही पते पर रजिस्टर्ड हैं. चौंकाने वाली बात यह है कि इन कंपनियों में से दो में एक ही व्यक्ति डायरेक्टर के रूप में दर्ज है.

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि जेम पोर्टल के क्लॉज 29 के तहत एक ही व्यक्ति यदि अलग-अलग कंपनी बनाकर टेंडर में भाग लेता है तो उसकी सभी कंपनियां तकनीकी रूप से अयोग्य मानी जाती हैं और उनकी बिड रद्द कर दी जाती है. लेकिन यहां इसके उलट हुआ. इन कंपनियों को न केवल योग्य घोषित किया गया, बल्कि उन्हें वर्क ऑर्डर भी जारी हुआ और भुगतान तक कर दिया गया. यह किसी संयोग से नहीं बल्कि मंत्री के संरक्षण में सुनियोजित लूट है.

अजय साह ने आरोप लगाया कि इतने बड़े पैमाने पर घोटाला बिना मंत्री इरफान अंसारी की सहमति और संरक्षण के संभव नहीं है. उनका कहना था कि स्वास्थ्य विभाग अब जनता की सुविधा का नहीं बल्कि लूटखसोट का अड्डा बन गया है.

भाजपा ने मुख्यमंत्री से मांग की कि इस पूरे घोटाले की उच्चस्तरीय स्वतंत्र जांच कराई जाए और उजागर किए गए सभी टेंडरों को तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाए. उन्होंने कहा कि यह मामला सिर्फ वित्तीय भ्रष्टाचार तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें धार्मिक पक्षपात भी साफ झलकता है, जहां मंत्री द्वारा केवल अपने समुदाय और जाति के वेंडर्स को प्राथमिकता दी जा रही है.

भाजपा ने यह भी आरोप लगाया कि रिम्स-2 परियोजना की चर्चा भी केवल लूट के उद्देश्य से की जा रही है. राज्य की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने का सरकार का कोई इरादा नहीं है. अजय साह ने कांग्रेस पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि संविधान की रक्षा का ढोंग करने वाली कांग्रेस को इस मामले पर जवाब देना चाहिए.

Exit mobile version