Site icon Lahar Chakra

4 साल के बेटे को लेकर युवक 120 फीट ऊंची पानी टंकी पर चढ़ा, कड़ी मशक्कत के बाद उतारा गया, जानें क्या है मामला?

Giridih. झारखंड के गिरिडीह जिले में बृहस्पतिवार को कथित पारिवारिक विवाद के चलते एक व्यक्ति अपने चार साल के बेटे को छाती से कसकर चिपकाए 120 फुट ऊंचे पानी के टावर पर चढ़ गया तथा उसने बच्चे को नीचे फेंकने और खुद भी वहां से कूद जाने की धमकी दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। महतोडीह पुलिस चौकी के प्रभारी शैलेंद्र कुमार ने पत्रकारों को बताया कि अजिडिह निवासी महादेव तिवारी, अपने परिवार के सदस्यों द्वारा पैतृक भूमि में उसका हिस्सा देने से इनकार किए जाने के बाद से परेशान था। कुमार ने कहा, हताशा में, महादेव अपने चार साल के बेटे के साथ पानी की टंकी पर चढ़ गया और धमकी दी कि अगर उसे ज़मीन में उसका हिस्सा नहीं मिला, तो वह अपने बेटे को नीचे फेंक देगा और खुद भी टंकी से कूद जाएगा।’’

उन्होंने बताया कि स्थानीय पुलिस, गिरिडीह सदर के क्षेत्राधिकारी जितेंद्र प्रसाद के साथ, मौके पर पहुंची तथा उसने महादेव से बातचीत शुरू की और उसे भरोसा दिलाया कि उसे न्याय मिलेगा। चौकी प्रभारी के मुताबिक एक घंटे से ज़्यादा समय तक समझाने-बुझाने के बाद, महादेव मान गया और धीरे-धीरे पानी की टंकी से नीचे उतर गया।

उन्होंने कहा, बच्चे को तुरंत उसकी मां को सौंप दिया गया, जबकि ग्राम पंचायत के प्रतिनिधियों और परिवार के बुजुर्गों से कहा गया है कि वे गांव में ही इस पारिवारिक विवाद को जल्द से जल्द सुलझा लें।’’

Exit mobile version