Site icon Lahar Chakra

रेलवे ट्रैक पर फंसी बाइक निकालने में इस्पात एक्सप्रेस से कट गया युवक, टुकड़ों में बंटा शरीर

चक्रधरपुर. चक्रधरपुर रेल मंडल के मुंबई-हावड़ा मेन लाइन पर मनोहरपुर और घाघरा हॉल्ट के बीच शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हुआ है. यहां कुदरसाई टोला के समीप रेलवे ट्रैक पर फंसी बाइक को निकालने में इस्पात एक्सप्रेस से कटकर युवक की मौत हो गयी. हादसे में युवक का शरीर कई टुकड़ों में बंट गया. ट्रेन के साथ बाइक काफी दूर तक घसीटती चली गयी. मृतक आनंदपुर मुंडा टोला का रहने वाला था. मृतक की पहचान राजन सोया (30) के रूप में की गयी है. हादसे के वक्त उसके साथी ने भागकर अपनी जान बचायी.

दरअसल, राजन सोया अपने साथी के साथ घाघरा गांव के कुदरसाई टोला में अपने दीदी के घर बाइक से आया था. यहां से लौटने के क्रम में वह घाघरा रेल लाइन अंडरपास से न होकर कुदरसाई टोला के पास से लौट रहा था. यहां वह बाइक से रेल लाइन पार कर रहा था. इसी क्रम में रेलवे ट्रैक पर  बाइक फंस गयी. वह अपने साथी के साथ मिलकर बाइक को निकालने का प्रयास करने लगा. इसी वक्त अप लाइन पर ट्रेन आ गयी. ट्रेन को देख राजन का साथी बाइक छोड़कर भाग निकला. लेकिन राजन बाइक के साथ ट्रेन की चपेट में आ गया.

Exit mobile version