Ranchi. झारखंड के रामगढ़ जिले में पुलिस ने झाड़-फूंक और ताबीज के जरिए संतान दिलाने का झांसा देकर एक निसंतान महिला पर शारीरिक संबंध का कथित तौर पर दबाव बनाने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 56 वर्षीय आरोपी को पीड़िता की ओर से पांच नवंबर को भुरकुंडा पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराने के बाद गिरफ्तार किया गया। अधिकारी के अनुसार, पीड़िता पहले व्यक्ति के पास गई थी और आरोपी प्रार्थना व ताबीज के जरिए लोगों की समस्याओं का कथित तौर पर समाधान करने तथा उनके जीवन में खुशहाली लाने का दावा करता था।
उसने महिला को एक ताबीज भी दिया था। भुरकुंडा चौकी प्रभारी शिवलाल गुप्ता ने बताया, आरोपी को गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया गया। पीड़िता ने उसके खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया गया है कि उसने अश्लील बातें कीं और झाड़-फूंक के जरिए संतान दिलाने का झांसा देकर शारीरिक संबंध के लिए दबाव बनाया।
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने पांच नवंबर को फोन पर पीड़िता से अश्लील बातें कीं और जब महिला ने उसका विरोध किया तो उसने कथित तौर पर महिला और उसके पति की हत्या कराने की धमकी दी। दोनों के बीच फोन पर हुई कथित बातचीत की एक ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। पुलिस ने बताया कि इस ऑडियो क्लिप की प्रामाणिकता की जांच की जा रही है।
