Site icon Lahar Chakra

आदित्यपुर नगर निगम ने सड़क किनारे के दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने के लिए दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम

आदित्यपुर. आदित्यपुर नगर निगम के इलाके में सड़क किनारे बढ़ते अतिक्रमण को रोकने के लिए प्रशासक रवि प्रकाश के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी चल रही है. इसे लेकर सोमवार को निगम के अधिकारी व यातायात पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया. इसमें खरकाई पुल से आकाशवाणी चौक, शेरे पंजाब चौक, आदित्यपुर थाना रोड, इमली चौक, एस टाइप चौक, निगम जाने वाले रास्ते और एस टाइप में मुख्य सड़क एवं सर्विस मार्ग से अतिक्रमण हटाने की चेतावनी माइक पर दी गयी.

दुकानदारों को चेताया गया कि सभी को 24 घंटे में स्वतः अतिक्रमण हटा ले वरना उन्हें बड़ी क्षति व कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है. नगर निगम क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण के कारण सड़क जाम के कारण कई सारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. सड़क दुर्घटनाएं, ससमय पर एंबुलेंस अस्पताल में नहीं पहुंच पाना, औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों को ड्यूटी में लेट होना एवं अन्य तरह की समस्याएं उत्पन्न होने लगी हैं.. इन सभी तरह की समस्याओं को देखते हुए नगर निगम एवं यातायात पुलिस द्वारा अतिक्रमण हटाने का कार्य किया जाएगा.

हाल के दिनों में खरकाई पुल पर फल बेचने वाले की संख्या लगातार बढ़ रही है. कई बार फल ठेलों को हटाया गया हैं लेकिन ठेले वाले फिर से सड़क किनारे आकर जम जाते हैं. इस बार सड़क किनारे अतिक्रमण करने वालोंपर नगर निगम एवं यातायात पुलिस संयुक्त कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला जायेगा. इसके बाद भी दोबारा अतिक्रमण होने पर नगरपालिका अधिनियम एवं यातायात नियमानुसार कार्यवाई की जाएगी. संयुक्त अभियान में यातायात प्रभारी राजेश कुमार, आदित्यपुर नगर निगम के नगर प्रबंधक रवि भारती, सोनल सिंह चौहान, रॉबिन कच्छप एवं यातायात पुलिस बल मौजूद थे.

Exit mobile version