Adityapur. सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में शनिवार को पुलिस ने दो होटलों में अचानक छापेमारी कर इलाके में हलचल मचा दी। कार्रवाई के दौरान करीब 40 से 50 युवक-युवतियों को पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने टाटा-कांड्रा रोड स्थित सुधा डेयरी के समीप होटल ओ ऑक्सी क्वीन पैलेस और एनआईटी मोड़ स्थित होटल शुभेक्षा में औचक छापेमारी की। पुलिस की अचानक एंट्री से होटल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि दोनों होटलों से मिले युवक-युवतियों से उनकी मौजूदगी और परिस्थितियों को लेकर पूछताछ की गई।
वहीं, होटल संचालकों से भी पुलिस ने कई सवाल किए। इस दौरान सरिता कॉम्प्लेक्स स्थित होटल डाउनटाउन के कमरों की भी जांच की गई, हालांकि वहां से कोई संदिग्ध वस्तु मिलने की जानकारी सामने नहीं आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, पूछताछ और आवश्यक औपचारिकताओं के बाद सभी युवक-युवतियों को छोड़ दिया गया।
