Adityapur. आगामी दुर्गापूजा को लेकर सरायकेला-खरसावां पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने आदित्यपुर क्षेत्र का दौरा कर पूजा पंडालों, पार्किंग व्यवस्था, यातायात और विधि-व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों और पूजा समितियों से सुरक्षा तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने पूजा के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रमुख पूजा पंडालों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और पार्किंग स्थलों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया। एसपी मनोज स्वर्गियारी ने स्पष्ट किया कि दुर्गापूजा के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को सतर्क रहते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम, फायर ब्रिगेड और बिजली विभाग के अधिकारी एवं कर्मी भी मौजूद रहे। एसपी ने सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता रखने पर जोर दिया।आदित्यपुर में दुर्गापूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु विभिन्न पूजा पंडालों में पहुंचते हैं। जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां जिले की सीमा से जुड़े होने के कारण यहां यातायात नियंत्रण, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष चुनौती रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन ने पूजा से पहले ही तैयारियों की समीक्षा शुरू कर दी है।
