Site icon Lahar Chakra

Kolhan News: झामुमो का शक्ति प्रदर्शन; चंपाई सोरेन के पार्टी छोड़ने के बाद कोल्हान में पहला बड़ा कार्यकर्ता सम्मेलन सरायकेला में आज

Saraikela. सरायकेला के उत्कलमनी गोपीबंधु दास आदर्श टाउन हॉल भवन में गुरूवार को झामुमो के कोल्हान प्रमंडल स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है. इसमें पश्चिम सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां एवं पूर्वी सिंहभूम जिले के कार्यकर्ता शामिल होंगे. मंत्री दीपक बिरुआ व मंत्री रामदास सोरेन के ही नेतृत्व में कोल्हान प्रमंडल स्तरीय झामुमो का कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है.

इस कार्यकर्ता सम्मेलन में सांसद जोबा माझी, विधायक निरल पूर्ति, विधायक दशरथ गागराई, विधायक संजीव सरदार, विधायक मंगल कालिंदी, विधायक समीर मोहंती, विधायक सविता महतो समेत अन्य शिरकत करेंगे. बुधवार को कोल्हान प्रमंडल स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन स्थल का निरीक्षण झामुमो के तीनों जिला के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से किया. चंपाई सोरेन के पार्टी छोड़ने के बाद अब मंत्री दीपक बिरूआ और रामदास सोरेन ने कोल्हान की जमीन पर झामुमो की नींव को मजबूत करने के लिए यह संदेश देने का काम कर रहे हैं कि संगठन में किसी के आने या जाने से बहुत फर्क नहीं पड़ता. वे कोल्हान में डैमेज कंट्रोल कंट्रोल व कार्यकर्ताओं को एकसूत्र में बांधे रखने में कामयाब हैं.

पूर्वी सिंहभूम जिला उपाध्यक्ष- सागेन पूर्ति ने बताया कि कार्यकर्ता सम्मेलन की सारी तैयारी पूरी कर ली गयी है. कोल्हान के तीनों जिले से जिला, प्रखंड व पंचायत स्तर के सभी कार्यकर्ता दलबल के साथ आयेंगे. कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करने वालों में सरायकेला खरसावां के जिला अध्यक्ष डॉ. सुवेंदु महतो, पूर्वी जिला उपाध्यक्ष सागेन पूर्ति, राज हांसदा, राजा पूर्ति समेत अन्य शामिल थे.

Exit mobile version