Site icon Lahar Chakra

Airtel ने पेश किए Calling और SMS वाले तीन प्लान, 185 रुपये, 203 रुपये और 206 रुपये के रिचार्ज पर मिलेगी यह सुविधा?

New Delhi. दूरसंचार नियामक ट्राई के निर्देशों के बाद भारती एयरटेल ने केवल वॉयस कॉलिंग और एसएमएस की सुविधा वाले प्रीपेड प्लान की पेशकश की है। सूत्रों ने बताया कि भारती एयरटेल ऐसी पेशकश करने वाली पहली दूरसंचार कंपनी है। कंपनी ने ऐसे तीन प्लान 185 रुपये, 203 रुपये और 206 रुपये में पेश किए हैं। इनमें से प्रत्येक प्लान में असीमित लोकल, एसटीडी व रोमिंग कॉल और 300 एसएमएस की सुविधा दी जा रही है, लेकिन इनमें मोबाइल डेटा की पेशकश शामिल नहीं है।

ये प्लान अब एयरटेल के ऐप और वेबसाइट पर सूचीबद्ध हो चुके हैं। इन नई पेशकशों में सबसे सस्ता 185 रुपये वाला प्लान 28 दिन की वैधता के साथ आता है। इसी तरह 203 रुपये वाला प्लान 30 दिनों के लिए वैध है।

वहीं, 206 रुपये वाला प्लान पूरे ‘एक महीने’ की वैधता के साथ आता है। इन तीनों प्लान में मुफ्त ‘हैलो ट्यून्स’ शामिल है, जिससे उपयोगकर्ता बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के हर 30 दिन में नई ट्यून सेट कर सकते हैं। इन नए वॉयस-ओनली प्लान पर टिप्पणी के लिए एयरटेल से संपर्क नहीं हो सका।

सूत्रों ने बताया कि इन पेशकशों का उद्देश्य उन उपयोगकर्ताओं की जरूरतों को पूरा करना है, जिन्हें मुख्य रूप से केवल कॉलिंग और संदेश भेजने की आवश्यकता होती है।

Exit mobile version