New Delhi. अमूल ब्रांड के उत्पाद बेचने वाले गुजरात सहकारी दुग्ध विपणन महासंघ (जीसीएमएमएफ) ने दूध उत्पादन की लागत बढ़ने के कारण दो अक्टूबर से घी की कीमतों में 40 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। इसके अलावा, टेबल बटर (मक्खन) के 500 ग्राम के पैक की कीमत भी 15 रुपये बढ़ाई गई है। जीसीएमएमएफ ने एक बयान में कहा कि अमूल टेबल बटर, अमूल घी और अमूल काउ घी के अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) में दो अक्टूबर से संशोधन किया गया है।
जीसीएमएमएफ ने कहा, 36 लाख किसानों के स्वामित्व वाली सहकारी संस्था अमूल ने दूध उत्पादन की लागत बढ़ने के कारण मक्खन और घी की कीमतों में संशोधन किया है।’’
नई दरों के अनुसार, अमूल टेबल बटर के 500 ग्राम पैक की कीमत 325 रुपये हो गई है। वहीं, अमूल घी का एक लीटर का पाउच अब 680 रुपये और अमूल काउ घी का एक लीटर का पाउच 735 रुपये में मिलेगा। देश की प्रमुख डेयरी कंपनियों में शामिल जीसीएमएमएफ का कारोबार वित्त वर्ष 2025-26 में 11.4 प्रतिशत बढ़कर 73,450 करोड़ रुपये हो गया, जो इससे पिछले वित्त वर्ष में 65,911 करोड़ रुपये था।
पिछले वित्त वर्ष में अमूल ब्रांड का कुल कारोबार एक लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया। इस आंकड़े में 18 जिला सहकारी समितियों का कारोबार शामिल नहीं है।
