New Delhi. वेदांता आयरन एंड स्टील लि. के लौह अयस्क कारोबार की मुख्य कार्यपालक अधिकारी अनामिका झा ने व्यक्तिगत कारणों से इस्तीफा दे दिया है। कंपनी ने बुधवार को बीएसई को दी सूचना में कहा कि झा ने 28 अक्टूबर, 2026 को लिखे पत्र के जरिये इस्तीफा दिया। यह कारोबारी समय समाप्त होने से प्रभावी हो गया।
सूचना में कहा गया, ‘‘अनामिका झा ने व्यक्तिगत कारणों से कंपनी में लौह अयस्क कारोबार की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) और वरिष्ठ प्रबंधन कर्मी के पद से इस्तीफा दे दिया है।’’ कंपनी ने सूचना में उनके उत्तराधिकारी के नाम की घोषणा नहीं की है। वीआईएसएल भारत और पश्चिम अफ्रीका में लौह अयस्क की खोज, खनन और प्रसंस्करण के कारोबार में लगी है।
झा वर्ष 2023 में वेदांता लिमिटेड से जुड़ी थीं। उन्हें विनिर्माण, एयरोस्पेस और प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में 15 साल से अधिक का अनुभव है। वह इससे पहले हिंदुस्तान जिंक, वोडाफोन, भारतीय वायुसेना और अमेजन में विभिन्न पदों पर काम कर चुकी हैं।
