
पूर्णिया. बिहार के पूर्णिया शहर के मधुबनी बाजार इलाके में रविवार की शाम एक दिल दहला देने वाली घटना घटी. मधुबनी थाना क्षेत्र में रहने वाली 27 वर्षीय छोटी कुमारी केसरी की हत्या उसके ही भाई ने कर दी. आरोपी भाई ने बहन के प्रेम संबंध से नाराज़ होकर घर में मौका पाकर ताबड़तोड़ तीन गोलियां चलाई. इनमें से दो गोलियां सीधे बहन को लगीं.
सूत्रों के अनुसार, छोटी कुमारी पिछले ढाई साल से पिता के परिचित के बेटे के साथ प्रेम संबंध में थी. इस कारण घर में कई बार तनाव की स्थिति बनी. लड़की दो बार घर से भी भाग चुकी थी, जबकि परिवार समझाने की कोशिश करता रहा.
घटना के समय मां किचन में खाना बना रही थीं और पिता बाजार से समोसे लेने गए थे. इसी बीच आरोपी भाई ने घर में रखी पिस्टल निकाली और बहन को निशाना बनाया. गोली हाथ को चीरते हुए सीने में लगी, जबकि दूसरी पीठ में जा धंसी. मां जब तक मौके पर पहुंची, बेटी लहूलुहान होकर तड़प रही थी. आरोपी पिस्टल लहराते हुए फरार हो गया.
घटना के बाद पिता घर लौटे और गंभीर हालत में बेटी को जीएमसीएच पूर्णिया ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश के लिए छापेमारी जारी है.
पुलिस का कहना है कि आरोपी युवक के पकड़ में आने तक इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. पड़ोसी और स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और सभी ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है.
