Ranchi. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता अर्जुन मुंडा ने बुधवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए ऐसी राजनीति कर रही है, जिसका मकसद संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास पैदा करना और लोकतंत्र को कमजोर करना है। पूर्व केंद्रीय मंत्री मुंडा ने दावा किया कि भाजपा लोकतंत्र को मजबूत करने, संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा बनाये रखने एवं लोगों के भरोसे की रक्षा करने के लिए कटिबद्ध है। झारखंड के पलामू जिले में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ मार्च में हिस्सा लेते हुए मुंडा ने कहा, ‘‘कांग्रेस जनहित के मुद्दों से भटक रही है और अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए ऐसी राजनीति कर रही है, जिसका मकसद संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अविश्वास पैदा करना, भ्रम फैलाना और विपक्ष के नाम पर अराजकता को बढ़ावा देना है।’’
यह मार्च शिवाजी मैदान से निकाला गया और जिला समाहरणालय पर जाकर समाप्त हुआ। मुंडा ने बाद में पत्रकारों से कहा, ‘कांग्रेस की वजह से आज लोकतंत्र खतरे में है। सत्ता की भूखी कांग्रेस देश में अराजकता फैलाकर राजनीतिक व्यवस्था को ठप करने की कोशिश कर रही है। हालांकि, भाजपा का हर एक नेता, कार्यकर्ता और समर्थक इसकी रक्षा करने के लिए पूरी तरह दृढ़ संकल्पित है।’’
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस का अस्तित्व क्षेत्रीय दलों पर निर्भर है। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मुंडा ने कहा, ‘वह (कांग्रेस) क्षेत्रीय दलों के कंधों पर सवार होकर दिल्ली में सत्ता हासिल करना चाहती है। इस मकसद के लिए, कांग्रेस उनका इस्तेमाल एक औजार के तौर पर कर रही है।’’
