Site icon Lahar Chakra

BENGAL : रिलायंस 50 हजार करोड़ तो अंबुजा नेवटिया ग्रुप करेगा 1500 करोड़ का निवेश, लाखों नौकरियां होंगी सृजत

कोलकाता. अंबुजा नेवटिया ग्रुप ने पश्चिम बंगाल में 1500 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की है. यह निवेश अगले पांच वर्षों में स्वास्थ्य, आतिथ्य, रियल एस्टेट और पर्यटन जैसे प्रमुख क्षेत्रों में किया जाएगा. इस परियोजना के तहत राज्य में पांच नए अस्पताल, ताज होटल्स के साथ लग्जरी होटल सर्किट, गोल्फ-थीम टाउनशिप और बड़े पैमाने पर आवासीय एवं वाणिज्यिक परियोजनाओं का विकास किया जाएगा.

बुधवार को बंगाल ग्लोबल बिजनेस समिट (बीजीबीएस) में अंबुजा नेवटिया ग्रुप के चेयरमैन हर्षवर्धन नेवटिया ने इस महत्वपूर्ण निवेश योजना की घोषणा की. उन्होंने पश्चिम बंगाल सरकार की उद्योगों को बढ़ावा देने वाली नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि बंगाल हमेशा से हमारा घर और कर्मभूमि रहा है. हम इसके विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं. इन परियोजनाओं से नई नौकरियां पैदा होंगी, बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी और राज्य को व्यापार एवं पर्यटन का हब बनाने में मदद मिलेगी.

अंबुजा नेवटिया ग्रुप स्वास्थ्य क्षेत्र में 1500 करोड़ रुपये का निवेश करेगा, जिसके तहत राज्य में पांच नए अस्पताल स्थापित किए जाएंगे. इन अस्पतालों में कुल एक हजार 300 नए बेड जोड़े जाएंगे, जिससे कोलकाता, दुर्गापुर और सिलीगुड़ी जैसे शहरों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जाएगा.

ग्रुप दो हजार 700 करोड़ रुपये की लागत से एक लग्जरी हॉस्पिटैलिटी सर्किट विकसित करेगा. इसके तहत ताज होटल्स के साथ साझेदारी में सात नए होटल बनाए जाएंगे, जो दार्जिलिंग, दीघा और सुंदरबन जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों में स्थित होंगे. इसके अलावा, कोलकाता और सिलीगुड़ी में दो बड़े कन्वेंशन होटल भी बनाए जाएंगे, जिससे राज्य में पर्यटन को नई ऊंचाई मिलेगी.

अंबुजा नेवटिया ग्रुप पांच हजार करोड़ रुपये की लागत से 240 एकड़ में फैली एक गोल्फ-थीम टाउनशिप विकसित करेगा. इस परियोजना में 18-होल गोल्फ कोर्स, लग्जरी विला, अपार्टमेंट और एक गोल्फ होटल शामिल होगा. यह पश्चिम बंगाल के रियल एस्टेट क्षेत्र के लिए एक अनूठा योगदान होगा.

वहीं दूसरी ओर रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मुकेश अंबानी ने बुधवार को पश्चिम बंगाल में 50 हजार करोड़ रुपये के नए निवेश की घोषणा की. उन्होंने कहा कि यह निवेश दशक के अंत तक पूरा होगा और इससे राज्य में एक लाख नई नौकरियां सृजित होंगी.अंबानी ने यह घोषणा बंगाल ग्लोबल बिजनेस समिट (बीजीबीएस) 2025 के दौरान की. उन्होंने बताया कि रिलायंस ने पिछले 10 वर्षों में पहले ही पश्चिम बंगाल में 50 हजार करोड़ रुपये का निवेश किया है और अब नया निवेश किया जाएगा. अंबानी ने कहा, “हमारा निवेश डिजिटल सेवाओं, ग्रीन एनर्जी और रिटेल सहित कई क्षेत्रों में किया जाएगा. रिलायंस बंगाल की आर्थिक प्रगति को गति देने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और हमने इस राज्य के कारोबारी माहौल को बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.

वहीं आरपी-संजीव गोयनका ग्रुप के अध्यक्ष संजीव गोयनका ने बुधवार को घोषणा की कि उनका समूह आने वाले कुछ वर्षों में पश्चिम बंगाल में 10 हजार करोड़ रुपये का निवेश करेगा.

गोयनका ने यह घोषणा बंगाल ग्लोबल बिजनेस समिट (बीजीबीएस) 2025 के उद्घाटन सत्र में की. उन्होंने बताया कि यह बड़ा निवेश मुख्य रूप से तीन प्रमुख क्षेत्रों—ऊर्जा, स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा—में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हम 10 हजार करोड़ रुपये स्वास्थ्य, ऊर्जा और शिक्षा में निवेश करेंगे.

Exit mobile version