Site icon Lahar Chakra

Bihar Crime: राजधानी पटना में BJP नेता की हत्या, बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली

Patna. पटना के बजरंगपुरी इलाके में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थानीय नेता की उनके घर के पास मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी. पुलिस ने यह जानकारी दी. मृतक की पहचान भाजपा के स्थानीय नेता अजय शाह के रूप में हुई है. पटना के पुलिस अधीक्षक (एसपी-ईस्ट) भरत सोनी ने पत्रकारों को बताया, ‘घटना मंगलवार रात करीब 10 बजे हुई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाह को बाइक सवार दो हथियारबंद हमलावरों ने गोली मार दी. उनकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई. हमलावर तुरंत मौके से भाग गए.

एसपी ने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है. भाजपा के अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव निखिल आनंद ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘पार्टी ने एक समर्पित कार्यकर्ता खो दिया है. आरोपियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे डाला जाना चाहिए.’ इस घटना को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव ने कहा, ‘इसे असली जंगल राज कहते हैं. राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है. भाजपा नेताओं को क्या हो गया है…वे राज्य में अपराध की बढ़ती दर पर चुप्पी क्यों साधे हुए हैं.’

Exit mobile version