Jamshedpur. बर्मामाइंस के लाल बाबा फाउंड्री इलाके में बने मकानों व गोदामों को शुक्रवार को तोड़ा जायेगा. जिला प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने के लिए तैयारी कर ली है. बर्मामाइंस थाना को कोर्ट से अतिक्रमण हटाने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनात करने का आदेश दिया गया है. गुरुवार को लालबाबा परिसर में सन्नाटा पसरा रहा. बस्तीवासियों में आक्रोश व्याप्त है. सभी का कहना है कि दशकों से यहां रहकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं. अचानक वो कहां जायें, उनके पक्ष को नहीं सुना गया. हालांकि, बस्तीवासी एकजुट हैं.

पूर्व सांसद सह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ अजय कुमार ने गुरुवार को लाल बाबा फाउंड्री स्थित गोदाम मालिकों से मुलाकात कर पूरी स्थिति को समझा. मौके पर उन्होंने कहा कि उपायुक्त सहित वरीय पदाधिकारियों से बात हुई है. वहीं मुख्यमंत्री ने भी आश्वस्त किया है कि अभी गोदाम एवं घर नहीं टूटेंगे. लेकिन इसके लिए हमें कानूनी लड़ाई लड़नी होगी. जिसमें मेरा पूरा सहयोग रहेगा. उन्होंने कहा कि जब रघुवर दास ने 86 बस्तियों को लीज से बाहर कराया था तो इस एरिया को लीज से बाहर क्यों नहीं करवाए. यदि लाल बाबा पाउंड्री लीज से बाहर होती तो कानूनी लड़ाई में हमारा पक्ष मजबूत रहता. लाल बाबा फाउंड्री के लोग परेशान हैं और भाजपा के लोग परिवर्तन रैली में व्यस्त हैं.