Site icon Lahar Chakra

CBI ने सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में ‘CLOSER REPORT’ दाखिल की, अब आगे क्या करना है, तय करेगा COURT

New Delhi. केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की कथित आत्महत्या के मामले में ‘क्लोजर रिपोर्ट’ दाखिल कर दी है. अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई ने मुंबई की एक विशेष अदालत के समक्ष अपने निष्कर्ष प्रस्तुत किये हैं और अब अदालत को तय करना है कि वह (मामले को बंद करने की) रिपोर्ट को स्वीकार करती है या आगे जांच के निर्देश देती है.

सुशांत सिंह राजपूत मुंबई के बांद्रा स्थित अपने फ्लैट में 14 जून, 2020 को फंदे से लटके हुए पाए गए थे. वह 34 साल के थे. केंद्रीय एजेंसी ने बिहार पुलिस से मामले की जांच संभाली थी. बिहार पुलिस ने सुशांत के पिता के.के. सिंह द्वारा पटना में दाखिल शिकायत के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया था.

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के फोरेंसिक विशेषज्ञों ने सीबीआई को दिये गये चिकित्सा विधिक परामर्श में ‘जहर देने और गला घोंटने’ को लेकर इस मामले में किये गये दावों को खारिज कर दिया था.
सीबीआई ने राजपूत की कथित महिला मित्र रिया चक्रवर्ती और उनके करीबी लोगों के बयान दर्ज किए थे और अभिनेता के मेडिकल रिकॉर्ड एकत्र किए थे.

बिहार पुलिस में दी शिकायत में राजपूत के पिता ने आरोप लगाया था कि चक्रवर्ती ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर उनके बेटे के पैसे का गबन किया है. हालांकि चक्रवर्ती ने न्यूज चैनल को दिए साक्षात्कारों में इस आरोप को सिरे से खारिज कर दिया था.

Exit mobile version