
Chaibasa. टोंटो थाना के तालाबुरु रेलवे स्टेशन के पास इयरफोन लगाकर पटरी पर चल रहा युवक मालगाड़ी की चपेट में आने से घायल हो गया. हादसे में युवक के सिर व मुंह में गंभीर चोटें आयी हैं. घटना शनिवार शाम की है. जीआरपी ने घायल युवक को उपचार के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया. घायल युवक की पहचान हाटगम्हरिया थाना के इलीगड़ा निवासी मथुरा सिंकु के रूप में की गयी. जीआरपी ने बताया कि युवक इयर फोन लगाकर रेल की पटरी पर चल रहा था. इस दौरान पीछे से मालगाड़ी के ड्राइवर ने हॉर्न बजाया, लेकिन युवक ने हॉर्न नहीं सुना, जिससे वह ट्रेन की चपेट में आ गया. उसे पटरी पर गिरा देख गैंगमैन ने घायलावस्था में उठाकर तालाबुरु स्टेशन ले गया. वहां से जीआरपी ने उपचार के लिए सदर अस्पताल ले गयी. घटना की जानकारी मिलने पर रविवार सुबह उसके परिजन सदर अस्पताल पहुंचे. परिजनों ने बताया कि युवक शनिवार को साप्ताहिक बाजार झींकपानी गया था. शाम को बाजार से घर लौटने के क्रम यह हादसा हुआ.
