Site icon Lahar Chakra

Chaibasa : गुवा सेल खदान में कन्वेयर बेल्ट में हाथ फंसने से ठेकाकर्मी घायल

Chaibasa : झारखंड में पक्षिमी सिंहभूम जिले के गुवा स्थित सेल (स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड) की खदान में सोमवार को सुबह में एक बड़ा हादसा हो गया. यहां कन्वेयर बेल्ट में हाथ फंस जाने से अरुण पुरती नामक ठेका कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया.
जानकारी के अनुसार, सुबह लगभग 8 बजे अरुण कन्वेयर बेल्ट की सफाई कर रहा था, तभी उसका बायां हाथ अचानक बेल्ट में फंस गया. घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य कर्मियों ने तत्काल उसे बाहर निकाला और गुवा सेल अस्पताल पहुंचाया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अरुण को राउरकेला (ओडिशा) स्थित अस्पताल रेफर कर दिया.

इस हादसे से खदान क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है. झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे को घटना की सूचना मिलते ही उन्होंने अपने यूनियन के पदाधिकारी को सेल अस्पताल भेजा और बेहतर इलाज के लिए रेफर कराया.

गौरतलब है कि गुवा खदान में कुछ दिन पहले भी हादसा हुआ था, जिसमें एक सेलकर्मी की मौत हो गई थी. चरण पुरती नामक इस कर्मी की मौत हाॅलपैक वाहन का टायर ब्लास्ट होने से हुई थी. इस घटना ने खदान की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए थे. अब अरुण पुरती के साथ हुई घटना ने फिर से सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. यूनियन ने प्रबंधन से मांग की है कि खदान में कार्यरत सभी मजदूरों के लिए सुरक्षा उपकरणों की अनिवार्यता, नियमित ट्रेनिंग और निगरानी की प्रणाली को मजबूत किया जाए.

Exit mobile version