Site icon Lahar Chakra

Chaibasa Crime: चाईबासा में रहकर सरकारी नौकरी की करता था तैयारी, मागे पर्व में घूमाने ले गया दोस्त और गोली मारकर कर दी हत्या

Chaibasa.पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफ्फसिल थानांतर्गत बड़बिल गांव में मागे पर्व मनाने गये युवक को दोस्त जयराम बानरा ने गोली मारकर हत्या कर दी. घटना रविवार रात करीब नौ बजे की है. आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. मृतक की पहचान खूंटपानी प्रखंड के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बनामगुटू गांव निवासी निर्मल बानरा के रूप में हुई. पिता कुजरी बानरा के बयान पर थाना में हत्या का मामला दर्ज हुआ है. जानकारी के मुताबिक, बड़बिल गांव में रविवार को मागे पर्व का अंतिम दिन था. गांव के अखाड़ा में नाच-गान चल रहा था. इस बीच करीब नौ बजे जयराम बानरा ने निर्मल को अपने फूफी (बुआ) के घर पर सोने के लिए ले गया.

वहां दोनों जमीन पर सो रहे थे. निर्मल को नींद आने पर सीने में गोली मारकर फरार हो गया. घटना के कुछ समय बाद आरोपी की फुफेरी बहन चांदमनी पुर्ति अपने घर लौटी. उसने सोये निर्मल को भोजन करने के लिए उठाने का प्रयास किया. इस बीच उसके हाथ में खून लग गया. उसने परिवार की मदद से ग्रामीणों और ग्रामीण मुंडा को सूचना दी. मुंडा ने पुलिस को बताया. थाना प्रभारी निखिल राय दल-बल के साथ गांव पहुंचे. शव के पास गोली का खोखा बरामद हुआ.

मृतक के पिता कुजरी बानरा सेना से सेवानिवृत्त जवान हैं. निर्मल उनका इकलौता पुत्र था. पिता ने बताया कि निर्मल को उसका दोस्त जयराम बानरा बड़बिल गांव में मागे पर्व में ले गया था. स्थानीय लोगों के अनुसार, आपसी रंजिश में हत्या हुई है. वहीं, आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने नशे में दोस्त को गोली मार दी. पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है. पुलिस ने शव को सदर अस्पताल चाईबासा में पोस्टमार्टम के बाद बनामगुटू गांव में परिजनों को सौंप दिया.

Exit mobile version