Chakardharpur. मुंबई-शालीमार समरसता एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12151) के स्लीपर कोच एस-7 के टॉयलेट में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से स्टेशन पर सनसनी फैल गई। शव गमछे के फंदे से लटका हुआ था। शनिवार को ट्रेन चक्रधरपुर स्टेशन पहुंची तो यात्रियों ने देखा कि टॉयलेट का दरवाजा लंबे समय से अंदर से बंद था। कोई जवाब न मिलने पर खिड़की से झांकने पर संदिग्ध हालत में व्यक्ति नजर आया। टीटीई को सूचना दी गई। रेलवे कंट्रोल रूम ने आरपीएफ और जीआरपी को अलर्ट किया।
स्टेशन पर पहुंचते ही आरपीएफ-जीआरपी टीम ने दरवाजा खुलवाया। शव को उतारकर प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर रखा गया। रेलवे अस्पताल की डॉ. रश्मि के नेतृत्व वाली टीम ने मौत की पुष्टि की। जीआरपी ने श*व अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में पता चला कि मृ*तक अकेले सफर कर रहा था। कहां से चढ़ा और कहां उतरना था, इसकी जानकारी अभी नहीं मिली है। पुलिस आरक्षण चार्ट और आसपास के स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज की मदद से पहचान करने की कोशिश कर रही है।
