Site icon Lahar Chakra

Jharkhand Highcourt के 3 नए न्यायाधीशों को मुख्य न्यायाधीश एमएस सोनक ने दिलाई शपथ

Ranchi न्यायिक व्यवस्था को और सुदृढ़ करते हुए तीन प्रधान जिला और सत्र न्यायाधीशों (पीडीजे) ने उच्च न्यायालय के जज के रूप में शपथ ली। उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश एमएस सोनक ने मनोज प्रसाद, अखिल कुमार और राम शर्मा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इन तीनों नए न्यायाधीशों के कार्यभार संभालने के साथ ही उच्च न्यायालय में न्यायाधीशों की कुल संख्या बढ़कर 16 हो गई है।

शपथ ग्रहण समारोह उच्च न्यायालय के ग्राउंड फ्लोर पर आयोजित किया गया, जिसमें अदालत के अन्य सभी न्यायाधीश और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। समारोह की शुरूआत में तीनों न्यायाधीशों की नियुक्ति से संबंधित वारंट पढ़े गए, जिसके बाद निर्धारित क्रम में सबसे पहले मनोज प्रसाद, फिर अखिल कुमार और अंत में राम शर्मा ने शपथ ग्रहण की। पदभार ग्रहण करने से पहले मनोज प्रसाद गढ़वा, अखिल कुमार साहेबगंज और राम शर्मा डालटनगंज में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे।

शपथ लेने के तुरंत बाद ही तीनों नए न्यायाधीशों ने कार्यभार संभालते हुए अलग-अलग खंडपीठों में बैठकर सूचीबद्ध मामलों की सुनवाई भी शुरू कर दी। मुख्य न्यायाधीश एमएस सोनक के साथ न्यायमूर्ति मनोज प्रसाद, न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद के साथ न्यायमूर्ति अखिल कुमार और न्यायमूर्ति रंगन मुखोपाध्याय के साथ न्यायमूर्ति राम शर्मा की खंडपीठ ने मुकदमों की सुनवाई की।

Exit mobile version