Site icon Lahar Chakra

CISCE Board: सीआईएससीई बोर्ड ने स्कूलों के लिए डिजिटल मूल्यांकन पहल शुरू की

Ranchi.भारतीय स्कूल प्रमाणपत्र परीक्षा परिषद (सीआईएससीई) ने अपने संबद्ध स्कूलों के लिए ‘सीआईएससीई शाइन 2026’ नाम की एक राष्ट्रव्यापी डिजिटल मूल्यांकन पहल शुरू की है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि 15 नवंबर को इस पहल को पेश किए जाने के महज 48 घंटे के भीतर लगभग 450 स्कूलों ने मूल्यांकन शुरू कर दिया, जबकि 30 लाख से अधिक छात्रों ने इस मंच पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की।

‘स्टूडेंट होलिस्टिक इनसाइट एंड नर्चरिंग इवैल्यूएशन’ (शाइन) सीआईएससीई से संबद्ध सभी स्कूलों के लिए छात्रों की समग्र समझ और विकास के मूल्यांकन के वास्ते तैयार किया गया एक नि:शुल्क और अनिवार्य डिजिटल परीक्षण है। कक्षा चार, छह और नौ के छात्रों के लिए तैयार किया गया यह मूल्यांकन क्रमशः कक्षा तीन, पांच और आठ के अपेक्षित सीखने के स्तर के अनुरूप उनकी क्षमताओं का आकलन करता है।

सीआईएससीई के मुख्य कार्यकारी एवं सचिव जोसेफ इमैनुएल ने कहा, “शाइन को मिली उत्साहजनक प्रतिक्रिया सीखने की प्रक्रिया को अधिक सार्थक और मूल्यांकन को अधिक उद्देश्यपूर्ण बनाने की दिशा में हमारे संबद्ध स्कूलों की सामूहिक प्रतिबद्धता को दर्शाती है। हमारा मानना है कि हर मूल्यांकन का एक व्यापक शैक्षिक उद्देश्य होना चाहिए, ताकि शिक्षार्थी को बेहतर ढंग से समझा जा सके और हर बच्चे को अपनी क्षमताओं को पहचानने में सक्षम बनाया जा सके।”

Exit mobile version