Ranchi. कांग्रेस की झारखंड इकाई ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के खिलाफ कथित मानहानिकारक टिप्पणी करने को लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू और रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ शनिवार को पुलिस में शिकायत दी। यह घटनाक्रम भाजपा द्वारा अंसारी की कथित भड़काऊ टिप्पणी को लेकर उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत देने के एक दिन बाद हुआ है।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस के महासचिव आलोक दुबे ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमने अंसारी के खिलाफ मानहानिकारक टिप्पणी करने, सांप्रदायिक वैमनस्य फैलाने, सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और जनता को उकसाने के लिए जगन्नाथपुर थाने में शिकायत देकर संजय सेठ, आदित्य साहू, दीपक प्रकाश, भानु प्रताप शाही और अन्य भाजपा नेताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं ने अंसारी के बयान को तोड़-मरोड़ कर जनता के सामने पेश किया, जिससे समाज में भ्रम, अविश्वास और अनावश्यक तनाव पैदा हुआ। दुबे ने कहा, ‘‘अंसारी का यह कहना कि 40 लाख युवा राहुल गांधी के निर्देश का इंतजार कर रहे हैं, अलोकतांत्रिक नहीं है, लेकिन भाजपा पुलिस में शिकायत देकर उन्हें धमका रही है।’’
इससे पहले, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश के नेतृत्व में पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने अरगोड़ा थाने में शिकायत दी थी और अंसारी की कथित भड़काऊ टिप्पणी को लेकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की थी।
कांग्रेस नेता अंसारी ने दावा किया था कि भाजपा के शासन में युवा, किसान, मध्यम वर्ग, दलित, आदिवासी और मुस्लिम परेशान हैं तथा उनमें गुस्सा बढ़ रहा है। उन्होंने कहा था, ‘‘मैं दिल्ली गया था और वहां छात्रों से बात की थी। 40 लाख युवा सड़कों पर हैं। वे बस एक आदेश का इंतजार कर रहे हैं। राहुल गांधी ने इन युवाओं को रोका हुआ है।’’ अंसारी ने दावा किया था कि यदि प्रधानमंत्री सतर्क नहीं हुए तो देश में आपातकालीन स्थिति पैदा हो जाएगी और ‘‘हालात बांग्लादेश और नेपाल से भी बदतर होंगे’’।
