Site icon Lahar Chakra

Crime In Sravni Mela Devaghar: लुटेरों ने कांवरिया से मोबाइल छीनने में गर्दन के आर-पार कर दिया धारदार चाकू, मौत

Devghar: देवघर के श्रावणी मेला में दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी है. यहां कांवरिया पथ पर छपरहिया धर्मशाला के निकट बेखौफ लुटेरों ने धनबाद के युवा कांवरिया की चाकू से गोदकर हत्या कर दी. घटना गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे की है. मृत कांवरिया की पहचान धनबाद के टुंडी थाना क्षेत्र के बेहड़ा गांव निवासी अशीत मंडल के रूप में हुई है. मृत कांवरिया की गर्दन से धारदार चाकू आर-पार हो गया है. घटना के विरोध में साथी कांवरियों ने अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन भी किया. साथ ही कांवरियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल भी खडे किये. इधर, वारदात की सूचना पर बेलहर के एसडीपीओ राजकिशोर कुमार अस्पताल व घटनास्थल पर पहुंचे. साथ ही कांवरिया की हत्या की वारदात की जांच-पड़ताल भी शुरू की.
मृत कांवरिया के साथी अमित कुमार ने बताया कि हम सभी कुल चौदह साथी एक साथ सुल्तानगंज से बाबाधाम की कांवर यात्रा कर रहे थे. अमित ने बताया कि अशीत मंडल मेधावी छात्र था. वह इन दिनों प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था.

ऐसे हुई घटना

अमित ने बताया, हम सभी गाड़ी के निकट खाना खा रहे थे, तभी अशीत मंडल बगल में लघुशंका के लिए गया. थोड़ी देर बाद ही वह चोर-चोर कहकर दो लुटेरों का पीछा करना शुरू किया. उसके पीछे-पीछे मैं भी दौड़ता जा रहा था, इस क्रम में मेरे पैर में कांच चुभ गया और मैं रुक गया. इसी बीच चाकू लगने से अशीत अचेत होकर सड़क पर गिर पड़ा और दोनों लुटेरे अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकले. जख्मी अशीत मंडल को रेफरल अस्पताल लाया गया. जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

Exit mobile version