Jamshedpur. बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव के क्षेत्र के चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना के बीच झारखंड में 27 अक्टूबर से मौसम का मिजाज बदलने का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार 28 और 29 अक्टूबर को राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। वहीं, कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ वज्रपात होने की आशंका है।रांची समेत राज्य के 16 जिलों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। 30 अक्टूबर तक बारिश का प्रभाव बने रहने की संभावना है। इसके कारण तापमान में गिरावट और रात में ठंड बढ़ने के आसार हैं।
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार बंगाल की खाड़ी के पूर्व-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी हिस्से में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके 24 अक्टूबर तक डिप्रेशन और 25 अक्टूबर तक डीप डिप्रेशन में बदलने की संभावना जताई गई है। इसके बाद 26 अक्टूबर की सुबह तक यह चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, सिस्टम के आगे बढ़ने के साथ झारखंड में इसका प्रभाव बढ़ेगा। 27 अक्टूबर को आसमान में बादल छाए रहेंगे। दक्षिण-पूर्वी, उत्तर-पूर्वी और मध्य झारखंड में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। अगले दिन से इसका असर राज्य के बड़े हिस्से में दिखाई देने की संभावना है।
तेज हवा और वज्रपात से बढ़ेगी परेशानी
28 और 29 अक्टूबर को बारिश के साथ तेज हवा और वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचना चाहिए। किसानों और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों को भी मौसम के पूर्वानुमान पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
