Site icon Lahar Chakra

Cyclone ‘अर्नब’ का जमशेदपुर समेत झारखंड में आज भी व्यापक असर, भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी, सरायकेला के नीमडीह में सबसे ज्यादा बारिश

Jamshedpur. जमशेदपुर समेत झारखंड में आज तूफान ‘अर्नब’ का कई जिलों में व्यापक असर दिखेगा। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। राजधानी रांची में देर रात से तेज हवा के साथ लगातार बारिश का दौर जारी है। वहीं गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है।

इन जिलों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। इसे देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, रांची, खूंटी, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम में बारिश के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम के बिगड़े मिजाज को देखते हुए रांची-जमशेदपुर समेत कई जिलों में स्कूल बंद रखने का आदेश दिया गया है।

नीमडीह में सबसे ज्यादा 49.82 मिमी बारिश
पिछले 24 घंटे में सरायकेला के नीमडीह में सबसे अधिक 49.82 मिमी बारिश दर्ज की गई। चांडिल में 45.43, घाटशिला में 35.64, धालभूमगढ़ में 28.45 और नामकुम में 19.86 मिमी बारिश हुई। जमशेदपुर शहरी क्षेत्र में 10.29 और रांची शहरी क्षेत्र में 10 मिमी बारिश दर्ज की गई।

Exit mobile version