
जमुई : बिहार के जमुई जिले के झाझा नगर परिषद क्षेत्र के बैजलपुरा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां तीन दिन पहले ही एक नया गैस सिलेंडर मंगवाया गया था. सिलेंडर में गैस का रिसाव हो रहा था. गैस रिसाव होने के कारण अचानक बड़ा धमाका हुआ और पूरा घर जलकर राख हो गया. हालांकि, इस घटना में किसी को जान का नुकसान नहीं हुआ, क्योंकि समय रहते सभी लोग घर से बाहर निकल गए थे.
गैस सिलेंडर के ब्लास्ट की आवाज सुनकर नरेश रविदास और उनकी पत्नी रीना देवी बाहर भागे. इसमें किसी की जान का नुकसान नहीं हुआ. आग की लपटें पूरे घर में फैल गईं. स्थानीय लोगों ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और इस तरह आसपास के घरों को और अधिक नुकसान होने से बचा लिया गया.
हादसे में नरेश रविदास का घर पूरी तरह से जलकर खाक हो गया. रीना देवी के अनुसार घटना में करीब 5 लाख रुपये का नुकसान हुआ है. इसमें नगद 30 हजार रुपये व कई जरूरी कागजात भी जल गये.
