Site icon Lahar Chakra

Dabur के शैंपू, टूथपेस्ट से लेकर दूसरे सामान तक जल्द हो सकते हैं महंगे, कंपनी ने बताई यह वजह

New Delhi. दैनिक उपयोग का सामान (एफएमसीजी) बनाने वाली प्रमुख कंपनी डाबर इंडिया कच्चे माल की बढ़ी हुई लागत के असर को कम करने के लिए अपने उत्पादों की कीमतों में नपी-तुली वृद्धि करने पर विचार कर रही है। इसके साथ ही कंपनी अपना मार्जिन बचाने और वृद्धि बनाए रखने के लिए लागत को तर्कसंगत बनाने पर भी जोर दे रही है। डाबर इंडिया के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (भारत कारोबार) हरजीत भल्ला ने पिछले सप्ताह तिमाही नतीजों के बाद निवेशकों के साथ बातचीत में कहा कि कंपनी महंगाई के दौर से गुजर रही है और पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों ने पूरी आपूर्ति शृंखला में लागत का दबाव बढ़ा दिया है।

भल्ला ने कहा, ”हमें अपने कामकाज में संतुलन साधना पड़ा है… हम इसे एक अवसर के रूप में देख रहे हैं और अपने पूरे उत्पाद पोर्टफोलियो की समीक्षा कर रहे हैं। हम यह देख रहे हैं कि अपने उत्पाद मिश्रण को कैसे बेहतर बना सकते हैं, लागत को कैसे और कम कर सकते हैं, कीमतों में किस तरह नपी-तुली बढ़ोतरी कर सकते हैं और हमें कहां प्रतिस्पर्धी बने रहने की जरूरत है।”

कंपनी महंगाई के दबाव का मुकाबला करने के लिए उत्पाद मिश्रण और परिचालन दक्षता में सुधार करने पर भी ध्यान दे रही है। साथ ही वह अपने उन मुख्य ब्रांड में पर्याप्त निवेश कर रही है, जिनसे उसे लगभग 60 प्रतिशत कारोबार मिलता है।

उन्होंने कहा, ”इस समय हमारा ध्यान इन मुख्य ब्रांड में निवेश जारी रखने पर होना चाहिए ताकि हम इस श्रेणी को और आगे बढ़ा सकें।” कंपनी अपने विज्ञापन और प्रचार खर्च के असर को बेहतर बनाने पर भी ध्यान केंद्रित कर रही है।

Exit mobile version