New Delhi. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत को ‘ऐतिहासिक’ करार दिया और कहा कि अब राष्ट्रीय राजधानी एक दशक की ‘आप-दा’ से मुक्त हुई है. उन्होंने दिल्ली की जनता को आश्वस्त किया कि विधानसभा के पहले सत्र में महानियंत्रक एवं लेखा परीक्षक (सीएजी) की रिपोर्ट पेश की जाएगी और दोषियों को दंडित कर उनसे लूटे हुए पैसे वसूले जाएंगे. दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की शानदार जीत के बाद पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस जनादेश से स्पष्ट है आज दिल्ली में विकास, विजन और विश्वास की जीत हुई है और आडंबर, अराजकता, अहंकार और दिल्ली पर छाई ‘आप-दा’ की हार हुई है. मोदी ने कहा, मैं आश्वस्त करता हूं कि विधानसभा के पहले सत्र में महानियंत्रक एवं लेखा परीक्षक (सीएजी) की रिपोर्ट पेश की जाएगी और जो भी भ्रष्टाचार में शामिल पाया जाएगा उसे बख्शा नहीं जाएगा. जिसने भी लूटा है, उसको लौटाना पड़ेगा.

आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, जिनको दिल्ली का मालिक होने का घमंड था, उनका सच से सामना हो गया.प्रधानमंत्री ने कहा कि दिल्ली के इस जनादेश से ये भी स्पष्ट है कि राजनीति में शॉर्टकट के लिए, झूठ और फरेब के लिए कोई जगह नहीं है. केजरीवाल पर हमला जारी रखते हुए मोदी ने कहा कि दिल्ली में धरना-प्रदर्शन की राजनीति, टकराव और प्रशासनिक अनिश्चितता ने दिल्ली के लोगों का बहुत नुकसान किया है. प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर भी निशाना साधा और कहा कि दिल्ली के चुनाव में कांग्रेस ने जीरो की ‘डबल हैट्रिक’ लगाई है. उन्होंने कहा कि देश की राजधानी में, देश की सबसे पुरानी पार्टी का लगातार दिल्ली में छह बार से खाता नहीं खुल पाया. उन्होंने कहा, ये लोग खुद को पराजय का गोल्ड मेडल देते फिर रहे हैं. सच्चाई ये है कि कांग्रेस पर भरोसा करने के लिए देश बिल्कुल भी तैयार नहीं है. उन्होंने कहा, पिछली बार मैंने कहा था कि कांग्रेस एक परजीवी पार्टी बन चुकी है. ये खुद तो डूबती है, अपने साथियों को भी डुबोती है. कांग्रेस, एक के बाद एक अपने सहयोगियों को खत्म कर रही है. प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान खुद को पूर्वांचल का सांसद बताया और भाजपा को ‘आशीर्वाद’ देने के लिए दिल्ली के पूर्वांचली मतदाताओं का आभार जताया.