Site icon Lahar Chakra

DEOGHAR : वाहन चेकिंग के दौरान बाइक से गिरकर महिला की मौत, पुलिस से हाथापाई

देवघर. देवघर-सारठ एनएच पर कुंडा थानांतर्गत लालकोठी के समीप रविवार को यातायात पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी. उसी दौरान दोपहर करीब 3:30 बजे देवघर की ओर से आ रही बाइक को रुकने का इशारा किया गया. चालक ने बाइक रोकने की बजाय भगाने की कोशिश की. इसी दौरान उसकी गाड़ी अनियंत्रित हो गयी. बेटे के साथ बाइक पर बैठी महिला गिर गयी और उसके सिर में गंभीर चोट लगी. तुरंत उसे बगल के मेधा सेवा सदन पहुंचाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया. इसके बाद लोग महिला के शव को अस्पताल से स्ट्रेचर सहित खींचकर बाहर लाये और सड़क पर रखकर रोड को जाम कर दिया. देखते ही देखते दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गयी.

कुछ ही देर में आसपास के लोग भी जुटने लगे. मामले की सूचना पाकर मृतका के अन्य परिजन और रिश्तेदार भी पहुंचे. आक्रोशित लोगों ने लाठी-डंडे, लात-मुक्के से महिला पुलिसकर्मी और अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी. करीब 3 घंटे तक हंगामा होता रहा. लोगों ने बीच सड़क पर मालवाहक गाड़ियों और ट्रैक्टर खड़ी करवाकर यातायात को पूरी तरह से बाधित कर दिया.

मोहन का आरोप है कि चेकिंग में पुलिस ने उसकी मां को पकड़कर खींचा, जिससे गिरकर उसकी मौत हो गयी. हालांकि, पुलिस इस आरोप को निराधार बता रही है. सीसीआर सह यातायात डीएसपी लक्ष्मण प्रसाद ने कहा कि वाहन चेकिंग के दौरान जवान ने रुकने का इशारा किया. रुकने की जगह वह भागने लगा, जिससे बाइक अनियंत्रित हो गयी और महिला गिर गयी. उसके बाद विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हुई. अंत में लोगों को समझाकर जाम हटवाया गया. आक्रोशित लोग यातायात पुलिस पर चेकिंग में लेन-देन का आरोप भी लगा रहे थे.

सीसीआर सह यातायात डीएसपी ने मृतक के पुत्र सहित परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया, तो करीब 6:30 बजे जाम को हटाया गया. इसके बाद पुलिस ने मृतका के शव को सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेजा.

Exit mobile version