Site icon Lahar Chakra

Dhanbad: घूस लेते अभिलेखागार के प्रधान सहायक व कर्मी को एसीबी ने पकड़ा, जमीन के कागजात का नकल निकालने के नाम पर ले रहे थे रिश्वत

Dhanbad. एसीबी की टीम ने शुक्रवार को कोर्टमोड़ स्थित जिला अभिलेखागार के प्रधान सहायक संजय कुमार और अनुबंधकर्मी सोमनाथ चटर्जी को घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया. इनके पास से जमीन के कागजात का नकल निकालने के नाम पर घूस का 6500 रुपये जब्त किया गया है. एसीबी धनबाद की टीम दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है. आइआइटी आइएसएम के लैब टेक्नीशियन धैया निवासी मनोहर महतो की टुंडी में जमीन है. वह उसी जमीन के कागजात का नकल निकालने के लिए पिछले एक माह से चक्कर लगा रहे थे.

इसके लिए संजय कुमार ने घूस मांगा. मनोहर ने इसकी लिखित शिकायत 30 नवंबर को एसीबी धनबाद कार्यालय में की. इसके बाद टीम के सदस्यों ने पूरे मामले की जांच की. मामला सही पाये जाने के बाद शुक्रवार को दोनों कर्मचारियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया. मनोहर महतो को पैसे देकर भेजा गया. मनोहर ने सोमनाथ चटर्जी को राशि दी. इसके बाद सोमनाथ ने उक्त पैसे प्रधान सहायक संजय कुमार को दे दिया. इसके बाद एसीबी की टीम ने उन्हें पकड़ लिया. संजय कुमार और सोमनाथ चटर्जी की गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम संजय कुमार को भिस्तीपाड़ा स्थित उसके घर देवालय अपार्टमेंट में ले गयी. अपार्टमेंट की सघन जांच की गयी. लेकिन यहां पर कुछ भी आपत्तिजनक नहीं मिला. इसके बाद दोनों को एसीबी थाना लाया गया. यहां से दोनों से पूछताछ जारी है.

Exit mobile version