Site icon Lahar Chakra

Dhanbad Accident: धनबाद में मूक-बधिर महिला से दुष्कर्म, आक्रोशित भीड़ ने आरोपी के घर में लगा दी आग, आरोपी फरार

Dhanbad . झारखंड के धनबाद जिले में एक व्यक्ति ने मूक-बधिर महिला के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया, जिसके बाद आक्रोषित भीड़ ने आरोपी के घर को आग लगा दी. पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी. आरोपी ने रविवार शाम को महिला को कथित तौर पर अपने घर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया. सरायढेला थाना प्रभारी नूतन मोदी ने बताया, ‘आरोपी ने उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया और सोमवार सुबह उसे छोड़ दिया. पीड़िता ने अपने माता-पिता को सांकेतिक भाषा में पूरी घटना बताई. इसके बाद परिजन ने थाने में शिकायत दर्ज कराई.’

परिजन ने पुलिस को बताया कि उन्होंने रविवार देर रात तक उसकी तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं लगा. सोमवार सुबह इस खबर के फैलते ही स्थानीय लोगों ने आरोपी के घर का घेराव कर लिया और उसकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग की. पुलिस ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया. पुलिस अधिकारी ने बताया कि शाम तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर सोमवार रात को भीड़ जमा हो गई और आरोपी के घर में आग लगा दी. जब पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची तो घर जलकर राख हो चुका था. अधिकारी ने बताया, ‘आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है.

Exit mobile version