
Seraikella-Kharsawan: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सरायकेला-खरसावां की सक्रिय पहल से एक दिव्यांग महिला की लंबे समय से बंद पड़ी सामाजिक सुरक्षा पेंशन दोबारा शुरू कर दी गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव के निर्देश पर मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित किया गया, जिसके बाद लाभार्थी को फिर से पेंशन का लाभ मिलने लगा।
इस पूरी प्रक्रिया में पारा विधिक स्वयंसेवक सागर पाल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने लाभार्थी से संपर्क कर उसकी समस्या जिला विधिक सेवा प्राधिकरण तक पहुंचाई। आवश्यक दस्तावेज एकत्र कराने, आवेदन तैयार कराने तथा संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित करने में भी उन्होंने सक्रिय सहयोग दिया। उनके निरंतर प्रयासों से पेंशन शीघ्र ही पुनः प्रारंभ हो सकी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण समाज के कमजोर, गरीब एवं वंचित वर्गों को न्याय और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। यह पहल दर्शाती है कि प्राधिकरण और उसके पारा विधिक स्वयंसेवक जरूरतमंद लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं।
प्राधिकरण ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई हो रही हो, तो वे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सरायकेला-खरसावां से संपर्क कर निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
