
Seraikella-Kharsawan: सरायकेला थाना क्षेत्र के दावना गांव में दो दिनों से लापता 21 वर्षीय युवक सूरज मार्डी का शव शुक्रवार सुबह गांव स्थित डेम से बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने डेम में शव तैरता देखा और इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद करीब दोपहर 12:30 बजे शव को पानी से बाहर निकाला। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया गया।
परिजनों के अनुसार, सूरज मार्डी 24 जून को गांव के डेम में मछली पकड़ने गया था। उसके साथ कुछ अन्य युवक भी मौजूद थे, लेकिन शाम तक वह घर नहीं लौटा। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला। शुक्रवार को डेम से शव मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया।
मृतक की मां ने बेटे की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि सूरज की मौत केवल डूबने से नहीं हुई है और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। वहीं, पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला पानी में डूबने से मौत का प्रतीत होता है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
