Site icon Lahar Chakra

GST गड़बड़ी मामले में ED की उद्योगपति ज्ञान चंद जायसवाल पर बड़ी कार्रवाई, बिष्टुपुर, बर्मामाइंस, जुगसलाई समेत कई ठिकानों पर चल रही छापेमारी

Jamshedpur. जीएसटी में गड़बड़ी और फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) हासिल करने के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की. ईडी की टीम जमशेदपुर में तीन और पश्चिम बंगाल के कोलकाता में एक ठिकाने पर तलाशी अभियान चला रही है. मामला जमशेदपुर के उद्योगपति ज्ञान चंद जायसवाल उर्फ बबलू जायसवाल, उनके लेखाकार और अन्य संबंधित लोगों से जुड़ा बताया जा रहा है.

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को स्क्रैप कारोबारी ज्ञानचंद जायसवाल उर्फ बबलू जायसवाल के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की..ईडी की टीमों ने सुबह करीब आठ बजे बिष्टुपुर के कांट्रैक्टर्स एरिया स्थित आवास के अलावा बर्मामाइंस, जुगसलाई तथा आदित्यपुर-गम्हरिया औद्योगिक क्षेत्र में स्थित कारोबारी प्रतिष्ठानों में तलाशी शुरू की.

सुबह-सुबह पहुंची ईडी की टीम
ईडी के अधिकारी अलग-अलग टीमों में संबंधित परिसरों में पहुंचे. कार्रवाई के दौरान स्थानीय पुलिस बल की तैनाती भी की गई. जांच के दौरान परिसरों में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक रही. अधिकारियों ने कारोबारी गतिविधियों से जुड़े दस्तावेज, वित्तीय लेनदेन के रिकॉर्ड, खरीद-बिक्री से संबंधित कागजात, कंप्यूटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की. कार्रवाई के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जब्त किए जाने की सूचना है.

55.66 करोड़ के पुराने मामले में भी हो चुकी है गिरफ्तारी
ज्ञानचंद जायसवाल के खिलाफ इससे पहले 55.66 करोड़ रुपये के कथित जीएसटी फर्जीवाड़े का मामला सामने आया था. इस मामले में उनकी गिरफ्तारी भी हो चुकी है. जांच में मेसर्स जय भोलानाथ कंपनी, मेसर्स मां शारदा एंडेवर और मेसर्स मेकर्स कास्टिंग प्राइवेट लिमिटेड से कथित तौर पर 22.31 करोड़ रुपये तथा मेसर्स केदारनाथ ट्रैक्सीन, ज्ञानदीप आयरन प्राइवेट लिमिटेड और मेसर्स विभ्रान स्क्रैप कंपनी से 33.35 करोड़ रुपये के गलत तरीके से आईटीसी लेने की बात सामने आई थी.

ये हैं आरोप
जांच के अनुसार, आरोप है कि ऐसी संस्थाओं से खरीद के फर्जी चालान लिए गए, जिनका वास्तविक अस्तित्व नहीं था. इन चालानों के आधार पर बिना माल की वास्तविक आपूर्ति के आईटीसी का लाभ लेने का आरोप है. ईडी की टीम चारों परिसरों में दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है.

Exit mobile version