Ghatsila. धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र में एनएच-18 पर जोड़शोल के पास बांशकाठिया नाला के समीप गुरुवार देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो गई। पहले पुल के गार्डवाल से टकराई। फिर सड़क के डिवाइडर से जा भिड़ी। हादसे में स्कॉर्पियो क्षतिग्रस्त हो गई। कुछ देर के लिए एनएच पर वाहनों का आवागमन बाधित रहा। सूचना मिलते ही धालभूमगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क के बीच से हटवाया। इसके बाद यातायात सुचारू कराया गया।
हादसे के दौरान सेवा ही धर्म ग्रुप के नौशाद अहमद ने अपनी निजी एम्बुलेंस से घायल स्कॉर्पियो चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, धालभूमगढ़ पहुंचाया। स्थानीय लोगों के मुताबिक बांशकाठिया नाला पुल सड़क की चौड़ाई के मुकाबले काफी संकीर्ण है। दूर से ड्राइवरों को पुल की तंग बनावट का अंदाजा नहीं लग पाता। इसी वजह से यहां अक्सर वाहन दुर्घटनाग्रस्त होते हैं। इस खतरनाक मोड़ और तंग पुल पर पहले भी कई गंभीर हादसे हो चुके हैं। इनमें कई लोगों की जान जा चुकी है।
