Ghatsila.धालभूमगढ़ थाना से करीब 500 मीटर दूर एनएच-18 पर भट्टीशाल चौक के पास शुक्रवार देर शाम सड़क हादसा हुआ। बहरागोड़ा से जमशेदपुर जा रहा तेज रफ्तार ट्रक (एनएल 04आ 0315) एक कार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गया। ट्रक ने सड़क किनारे खड़े राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के मजदूरों से भरे वाहन को टक्कर मारी। इसके बाद रॉन्ग साइड से आ रहे चिप्स और कुरकुरे लदे बड़े टेंपो से उसकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में पांच महिलाओं सहित कुल 10 लोग घायल हुए।
एनएचएआई का वाहन और टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना के बाद ‘सेवा ही धर्म’ ग्रुप के नौशाद अहमद और अन्य सदस्यों ने निजी एंबुलेंस से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, धालभूमगढ़ पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद पांच घायलों को हायर सेंटर रेफर किया। इनमें ट्रक चालक जय सिंह, एनएचएआई वाहन चालक सूरज गोप, मजदूर कारना बेसरा, बहा हांसदा और टेंपो चालक दिलशाद शामिल हैं। अन्य पांच घायलों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और वाहनों को जब्त कर लिया।
