Ghatsila. पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला क्षेत्र में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग तेज हो गई है। गालूडीह क्षेत्र के रोजाम मौजा अंतर्गत शांखोड़ीह टोला में ग्रामीणों ने बैठक कर क्षेत्र में संचालित कंपनियों में स्थानीय युवक-युवतियों को रोजगार देने की मांग उठाई। रविवार को टोला प्रधान जगत मार्डी की अध्यक्षता में हुई बैठक में ग्रामीणों ने कंपनियों को 15 दिनों का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने मांग की कि क्षेत्र के योग्य युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता दी जाए। बैठक में ग्रामीणों ने एसडब्ल्यूएमएल, किजालक स्टील लिमिटेड और एक्सेल इंडिया लिमिटेड सहित क्षेत्र में संचालित कंपनियों में स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर मिलने से युवाओं को अपने परिवार का भरण-पोषण करने में मदद मिलेगी।
ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि 15 दिनों के भीतर उनकी मांगों पर ठोस पहल नहीं हुई, तो कंपनी गेट के समीप अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। बैठक में स्थानीय रोजगार के मुद्दे पर एकजुट होकर आगे की रणनीति बनाने पर भी जोर दिया गया। बैठक में विकास हेंब्रम, तपन कर्मकार, लक्ष्मी उपाध्याय, प्रेमलता कालिंदी, प्रतिमा सोरेन और दिनेश सोरेन समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
