Site icon Lahar Chakra

Hazaribagh Accident: बेकाबू ट्रेलर ने चौपारण के चोरदाहा चेकपोस्ट पर तैनात JAP-7 के जवान को रौंदा, मौत, तीन पुलिसकर्मी भी घायल

Hazaribagh. हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र स्थित चोरदाहा चेकपोस्ट के पास सड़क हादसा हुआ है. यहां सोमवार की सुबह एक ट्रेलर ने पहले पशु लदे पिकअप वैन में जोरदार टक्कर मारी, जिससे पिकअप वैन सड़क पर ही पलट गयी. इसके बाद बेकाबू ट्रेलर ने चेकपोस्ट पर तैनात जैप-7 के जवान को रौंदा और सुरेंद्र यादव के घर में जा घुसा. इस हादसे में हवलदार अरुण कुमार दुबे की मौके पर ही मौत हो गयी. वहीं ड्यूटी पर तैनात तीन जवान भी घायल हो गये. तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना हजारीबाग शहर से करीब 70 किलोमीटर दूर चौपारण में हुई है.
हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि जेएपी 7 बटालियन के पुलिसकर्मी ड्यूटी पर थे. उन्होंने बताया, ‘एक ट्रक ने अचानक उन्हें पीछे से टक्कर मार दी जिसमें एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई और चार घायल हो गए. सिंह ने बताया कि वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है.
उन्होंने बताया कि इस हादसे में घायल हुए पुलिसकर्मियों को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान अजय दुबे के रूप में हुई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. एसपी ने बताया कि ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसका वाहन भी जब्त कर लिया गया है.

Exit mobile version