
- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला
Ranchi : झारखंड उच्च न्यायालय ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की ओर से दायर क्वैशिंग याचिका पर सुनवाई सोमवार को की. अदालत ने अगली सुनवाई की तारीख दो सप्ताह बाद तय की है.
मामले की सुनवाई न्यायाधीश जस्टिस आनंद सेन की अदालत में हुई. इस दौरान राहुल गांधी की ओर से पेश अधिवक्ता पीयूष चित्रेश और दीपांकर राय ने अदालत से बहस के लिए अतिरिक्त समय देने का आग्रह किया. उनकी मांग को अदालत ने स्वीकार कर लिया और अगली तारीख दो हफ्ते बाद निर्धारित कर दी. वहीं, भाजपा नेता प्रताप कुमार की ओर से अधिवक्ता विनोद कुमार साहू ने पक्ष रखा.
यह मामला वर्ष 2018 का है, जब 28 मार्च को कांग्रेस अधिवेशन के दौरान राहुल गांधी ने भाजपा के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष और वर्तमान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. इस बयान को लेकर भाजपा नेता प्रताप कुमार ने जुलाई 2018 में राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया था.
कई वर्षों से चल रहे इस मामले में अब दो सप्ताह बाद अगली सुनवाई होगी. फिलहाल अदालत में राहुल गांधी की क्वैशिंग याचिका पर फैसला लंबित है, जिससे सभी की निगाहें आने वाली तारीख पर टिकी हुई हैं.
