Site icon Lahar Chakra

Hockey : भारत ने जापान को हराकर दर्ज की लगातार दूसरी जीत, सेमीफाइनल की ओर बढ़ा

नई दिल्ली. हॉकी एशिया कप 2025 में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है. रविवार को राजगीर में खेले गए अपने दूसरे मैच में भारत ने जापान को 3-2 से शिकस्त दी. इस जीत के साथ भारत ने सेमीफाइनल की तरफ मजबूत कदम बढ़ा दिए हैं. भारत के लिए हरमनप्रीत सिंह ने दो और मनदीप सिंह ने एक गोल दागा. जापान के लिए कोसी कावाबे ने दो गोल किए.

पहले क्वार्टर में ही भारत ने आक्रामक शुरुआत की. तीसरे ही मिनट में मनदीप सिंह ने शानदार फील्ड गोलकर भारत को 1-0 से आगे कर दिया. अभी दो ही मिनट बीते थे कि जापान की गलती का भारत ने फायदा उठाया और पेनल्टी कॉर्नर हासिल कर लिया. कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने बिना गलती के गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचा दिया. पहले क्वार्टर में भारत ने 2-0 की लीड ले ली थी.

दूसरे क्वार्टर में जापान ने वापसी करने की कोशिश की. टीम को तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन, किसी को गोल में तब्दील नहीं कर पाए. भारत को भी पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन फायदा नहीं उठा सके. वहीं, 22वें मिनट में अमित रोहिदास को ग्रीन कॉर्ड मिला. वह दो मिनट तक मैदान से बाहर रहे. दूसरे क्वार्टर का खेल गोल रहित रहा. हाफ टाइम तक भारत 2-0 की लीड के साथ आगे रहा.

तीसरे क्वार्टर में कोसी कावाबे ने जापान को वापसी करने का मौका दिया. 37वें मिनट में कावाबे ने फील्ड गोलकर जापान को 2-1 पर ला खड़ा किया. हालांकि, तीसरे क्वार्टर के खेल खत्म होने से ठीक पहले भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला. कप्तान हरमनप्रीत ने बिना चूके गोल कर भारत की बढ़त 3-1 कर दिया. हालांकि, इससे पहले राजकुमार पाल को ग्रीन कॉर्ड मिला.

आखिरी क्वार्टर में भारत और जापान ने शुरू में डिफेंसिव खेल खेला. हालांकि, खेल खत्म होने के दो मिनट पहले जापान को पेनल्टी कॉर्नर मिला. कोसी कावाबे ने स्ट्राइक ली और गोल कर दिया. अब जापान 3-2 के स्कोर पर आ गया था. 59वें मिनट में हरमनप्रीत सिंह को येलो कॉर्ड मिल गया. भारत की चिंता बढ़ गई लेकिन, अन्य खिलाड़ियों ने जापान को और कोई गोल नहीं करने दिया और भारत ने 3-2 से मुकाबला अपने नाम कर लिया.

Exit mobile version