
चक्रधरपुर. चक्रधरपुर शहर में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. भारत भवन मैदान के पीछे स्थित कचरे के ढेर में एक बोरी में बंद इंसानी लाश जलाने का सनसनीखेज मामला उजागर हुआ है. इस वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और लोग दहशत में हैं.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थानीय लोग रोज की तरह कचरे के ढेर के पास से गुजर रहे थे. तभी उन्हें वहां से उठता धुआं और आग की लपटें दिखाई दीं. जब लोग पास पहुंचे तो उन्होंने देखा कि बोरी के अंदर इंसानी लाश जल रही है.
यह दृश्य देखते ही मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया और पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही चक्रधरपुर पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आग बुझाई.
नहीं हुई मृतक की पहचान
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस प्रारंभिक जांच में मान रही है कि हत्या के बाद सबूत छिपाने के लिए शव को बोरी में बंद कर कचरे के ढेर में फेंका गया और फिर उसे जलाने का प्रयास किया गया.
