Site icon Lahar Chakra

Jamshedpu Election: प्रत्याशी व उनके प्रतिनिधि निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन से हुए अवगत, प्रेक्षक बोले, बिना अनुमति न करें प्रचार, फेक न्यूज या फेक नैरेटिव न फैलाएं

Jamshedpur. स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराने के मद्देनजर पुलिस प्रेक्षक, सामान्य प्रेक्षक, व्यय प्रेक्षक एवं जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने समाहरणालय सभागार में प्रत्याशी एवं उनके प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन से अवगत कराया. सभी आरओ बैठक में मौजूद रहे. सामान्य प्रेक्षक ने बैठक में उपस्थित सभी प्रत्याशी एवं उनके प्रतिनिधि को कैंडिडेट हैंडबुक अच्छे से पढ़ने एवं दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुपालन की बात कही. उन्होंने बताया कि प्रचार संबंधी गतिविधियों जैसे रैली, हेलिपैड, सभा आदि के लिए सिंगल विंडो सिस्टम से समयबद्ध रूप से अनुमति प्रदान की जा रही है.

बिना अनुमति प्रचार-प्रसार न करें. साथ ही मतदाताओं को उपहार या किसी अन्य तरीके से दबाव या प्रलोभन न दें. ऐसा कुछ भी न करें जो आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के दायरे में आता हो. पुलिस प्रेक्षक ने कहा कि फेक न्यूज या फेक नैरेटिव न फैलायें, न बनायें और न ही इसका हिस्सा बनें. विधानसभा चुनाव को लेकर पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती की गई है. सभी प्रेक्षक की प्रतिनियुक्ति भी निर्वाचन की शुचिता सुनिश्चित करने के लिए की गई है. निर्वाचन को पारदर्शी बनाने के लिए सभी प्रत्याशी एवं राजनीतिक दलों से सहयोग अपेक्षित है.0

सी-विजिल एप व सुविधा पोर्टल की दी गई जानकारी

व्यय प्रेक्षक ने चुनाव व्यय से संबंधित निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के संबंध में बताया. राजनीतिक दलों के प्रत्याशी एवं उनके प्रतिनिधियों को प्रचार-प्रसार, पब्लिक मीटिंग्स, स्टार कैंपेनर, रैली, मनी ट्रांसफर, प्रचार प्रसार सामग्री के व्यय लेखा संधारण के संबंध में जानकारी दी. सी-विजिल एप एवं सुविधा पोर्टल से संबंधित विस्तृत जानकारी भी बैठक में दी गयी. बैठक में बहरागोड़ा, पोटका, जुगसलाई, जमशेदपुर पूर्व, जमशेदपुर पश्चिम के आरओ उपस्थित रहे.

Exit mobile version