Jamshedpur. नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन जीरो टॉलरेंस के तहत सिदगोड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में शामिल तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से कुल 214 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की है, जिसका कुल वजन 52.49 ग्राम बताया गया है। बरामद ब्राउन शुगर की अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये आंकी गई है। इसके अलावा पुलिस ने 10,400 रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। इस संबंध में रविवार, 15 नवंबर को सिदगोड़ा थाना कांड संख्या 138/26 के तहत बीएनएस और एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब को क्षेत्र में मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद उनके निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी और सहायक पुलिस अधीक्षक (मु.-1) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने बारीडीह के दो नंबर मैदान के समीप छापेमारी कर तीनों आरोपियों को ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करते रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक भगत उर्फ सूरज गुप्ता (35), निवासी दिनकर पथ, बारीडीह बस्ती, सिदगोड़ा, मो. अरमान (20), निवासी कपाली के रहमत नगर, वर्तमान पता बारीडीह बस्ती और तैयब अंसारी (20), निवासी मुस्लिम बस्ती, आदित्यपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभिषेक भगत उर्फ सूरज गुप्ता के खिलाफ वर्ष 2024 में सिदगोड़ा थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
वहीं, मो. अरमान के खिलाफ चांडिल थाना में चोरी और आर्म्स एक्ट के दो मामले दर्ज हैं। तीसरे आरोपी तैयब अंसारी के खिलाफ आदित्यपुर थाना में एनडीपीएस एक्ट के दो मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। इस छापेमारी अभियान में सहायक पुलिस अधीक्षक (मु.-1), सिदगोड़ा थाना प्रभारी मो. फैज अहमद, प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट एवं जेएनएसी के नगर प्रबंधक ज्योति कुंज समेत सिदगोड़ा थाना के पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
