Jamshedpur. छठ पर्व पर पूजा करने नदी गए परिवार के घर को चोरों ने निशाना बनाया। जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र के जेल चौक के पास स्थित बबलू कुमार के क्वार्टर से करीब 15 लाख रुपये के सोने के गहने और एक मोबाइल फोन चोरी होने की बात सामने आई है। जानकारी के मुताबिक बबलू कुमार डीसी ऑफिस में क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं।
रविवार को छठ पूजा के अवसर पर उनका पूरा परिवार सांध्य अर्घ्य देने नदी घाट गया हुआ था। इसी दौरान चोरों ने बंद घर को निशाना बनाया। जब परिवार पूजा कर घर लौटा तो देखा कि घर खुला हुआ है और अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा है। जांच करने पर घर से एक मोबाइल फोन और सोने के सभी गहने गायब मिले। चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
