Jamshedpur. जमशेदपुर में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के तीसरे दिन रविवार को संध्या अर्घ्य के अवसर पर मानगो स्थित स्वर्णरेखा घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
हजारों की संख्या में व्रती और श्रद्धालु घाट पर पहुंचे और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। सिर पर दउरा, हाथों में पूजन सामग्री और मन में छठी मईया के प्रति अटूट विश्वास लिए व्रती घाट तक पहुंचे। चारों ओर छठी मईया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
घाट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, सजे हुए पूजा के सूप-दउरे और डूबते सूर्य की लालिमा ने पूरे माहौल को बेहद मनमोहक बना दिया। आस्था, परंपरा और प्रकृति के प्रति समर्पण का यह पर्व एक बार फिर जमशेदपुर की सांस्कृतिक एकता और सामूहिक श्रद्धा की खूबसूरत तस्वीर पेश कर गया।
