Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: पोटका के हाता बिरसा चौक पर दो ट्रकों के बीच भीषण टक्कर, जमशेदपुर की ओर आ रहे ट्रक के चालक की स्थिति गंभीर

Jamshedpur. पोटका थाना क्षेत्र के हाता बिरसा चौक पर रविवार अहले सुबह करीब तीन बजे दो ट्रकों के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में ओडिशा से जमशेदपुर की ओर आ रहे ट्रक के चालक गिरीश प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक ट्रक के परखच्चे उड़ गए। वहीं, दुर्घटना के बाद दूसरे ट्रक का चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पोटका पुलिस की मदद से घायल चालक गिरीश प्रसाद को पोटका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

वहां चिकित्सक डॉ. सत्यनारायण भगत ने उनका प्राथमिक उपचार किया। चालक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया गया। इधर, दुर्घटना में शामिल दूसरे ट्रक का चालक वाहन लेकर फरार हो गया, जिससे ट्रक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। सूचना मिलने पर पोटका पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश में जुटी है।

Exit mobile version